बंदी फरार मामले में तीन पुलिस कर्मी निलंबित
अलवर : राजस्थान में अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय के कैदी वार्ड से फरार हुए हत्या के एक आरोपी बंदी के मामले में जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने तीन पुलिसकर्मियों को आज निलंबित कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने हेड कांस्टेबल लक्ष्मी नारायण एवं कांस्टेबल गंगाराम सहित चालानी गार्ड के इंचार्ज इसराइल खान को निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि आज सुबह सूचना मिली थी कि एक कैदी अस्पताल से भाग गया है।
इस मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए हेड कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण एवं कांस्टेबल गंगाराम को निलंबित कर दिया है वहीं चालानी गार्ड के इंचार्ज इसराइल खान को भी निलंबित कर दिया है क्योंकि चालानी गार्डाे की जिम्मेदारी होती है जब तक कैदी जेल से आता है और अस्पताल में जब तक रहता है वह उसी के साथ रहते हैं और उसको छोड़कर नहीं जा सकते।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि इस संबंध में सहायक पुलिस अधीक्षक आईपीएस अधिकारी सुशील कुमार एवं डीएसपी को जांच सौंपी गई है। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए तलाश कर रही है। इसके अलावा फरार बंदी के खिलाफ एक अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
