बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के बालसमुद पुलिस चौकी क्षेत्र में आज श्मशान घाट में मधुमक्खियों के हमले से करीब 30 लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार आज पानवा ग्राम पंचायत के हल्दी पुरा के निवासी एक व्यक्ति की मृत्यु पर शव यात्रा लेकर ग्रामीण श्मशान घाट पहुंचे थे। इसी दौरान आतिशबाजी किए जाने पर उसके धुएं से भड़की मधुमक्खियों ने उन पर हमला बोल दिया।
उन्हें एंबुलेंस की मदद से जुलवानिया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां के मेडिकल ऑफिसर डॉ मनोज कदम ने बताया कि 23 लोगों का इलाज कर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। कुछ लोग मधुमक्खियों के काटने के बाद घर अथवा अन्य स्थानों पर चले गए। उन्होंने बताया कि श्मशान घाट में संख्या अधिक होने के चलते मधुमक्खियों ने अलग-अलग लोगों को निशाना बनाया।
मधुमक्खियों के हमले में 30 लोग घायल
