नई दिल्ली : डीबीएस बैंक के पूर्ण स्वामित्व वाले डीबीएस बैंक इंडिया लिमिटेड ने 37 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि के साथ 31 मार्च, 2023 को समाप्त वित्तीय वर्ष में 228 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया। डीबीएस बैंक इंडिया ने वर्ष 2021-22 में 167 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। बैंक द्वरा मंगलवार को जारी वित्तीय रिपोर्ट के अनुसार उसकी समग्र जमा में वर्ष के दौरान 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी और ग्राहक-सम्पत्ति में 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। मजबूत खुदरा और कॉर्पोरेट बैंकिंग प्रदर्शन के साथ वर्ष शुद्ध राजस्व में 16 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
बैंक ने कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 में संपत्ति की गुणवत्ता में और सुधार हुआ, सकल और शुद्ध एनपीए क्रमशः 5.61 प्रतिशत और 1.17 प्रतिशत रहा। इससे पिछले वर्ष सकल एनपीए 9.5 प्रतिशत और शुद्ध एनपीए 1.61 प्रतिशत थी। वर्ष के अंत में बैंक का लेखा-जोखा 32 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि के साथ 1.1 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई। डीबीएस बैंक इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी, सुरोजित शोम ने कहा, “ वित्त वर्ष 22-23 के दौरान हमारे सभी व्यवसायों में मजबूत वृद्धि के साथ हमारा समग्र प्रदर्शन पैरामीटर पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर रहा। ”
डीबीएस बैंक इंडिया के वार्षिक लाभ में 37 प्रतिशत की वृद्धि
