केलांग -12.4 डिग्री पारा
शिमला : हिमाचल प्रदेश में इस बार सर्दियों में बहुत कम बारिश-बर्फबारी हुई है। खासकर सोलन, शिमला, मंडी और किन्नौर जिले में काफी कम बादल बरसे हैं। शिमला शहर में 2009 के बाद इस बार सबसे कम बर्फबारी या हिमपात हुई है। ऐसे में नौ फरवरी से प्रदेश में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। जिससे ऊंची चोटियों पर बर्फबारी व निचले मध्यवर्ती इलाको में आंधी तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।
शिमला शहर में इस बार एक बार भी बर्फबारी नहीं हुई। जाखू की पहाड़ी व शिमला के साथ लगते कुफरी में भी एक-दो बार हल्का हिमपात हुआ है। इससे पूर्व वर्ष 2009-10 में शिमला शहर में 4.5 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई थी। जबकि इस बार 6 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है।
वहीं नौ फरवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में सक्रिय होगा। जिसका असर दो दिन तक रहेगा। उन्होंने कहा कि नौ और 10 फरवरी को प्रदेश के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी व निचले इलाकों में बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से राज्य के कई भागों में नौ और 10 फरवरी को बारिश-बर्फबारी की संभावना है। वहीं, निचले व मैदानी भागों के लिए बिजली चमकने व अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है।
उधर, हिमाचल के हिमपात वाले जिलों में अभी भी 140 सड़कें यातायात के लिए ठप हैं। बुधवार सुबह 10ः00 बजे तक लाहौल-स्पीति जिले में सबसे अधिक 120 सड़कें बाधित थीं। इसके अलावा चंबा में नौ और कुल्लू जिले में सात सड़कें ठप थीं। उपमंडल चंबा, भरमौर, लाहौल व उदयपुर में 10 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित चल रही हैं।
शिमला का न्यूनतम तापमान 4.3, सुंदरनगर 3.6, भुंतर 2.0, कल्पा माइनस 2.2, धर्मशाला 6.2, ऊना 5.8, नाहन 12.1, केलांग माइनस 12.4, पालमपुर 5.0, सोलन 3.8, मनाली 0.0, कांगड़ा 6.6, मंडी 4.2, बिलासपुर 7.0, हमीरपुर 5.3, चंबा 5.9, डलहौजी 5.1, जुब्बड़हट्टी 5.5, कुफरी 2.2, कुकुमसेरी माइनस 8.8, नारकंडा 0.5, कसौली 6.7, रिकांगपिओ 0.4, सेऊबाग 0.6, धौलाकुआं 7.3, बरठीं 7.4, पांवटा साहिब 10.0 और सराहन 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
