जम्मू : केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में पुलिस ने सोमवार को फर्जी लाइसेंस रैकेट चलाने के आरोप में चार जालसाजों को गिरफ्तार किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित गुप्ता ने बताया कि एक विशेष शिकायत पर कार्रवाई करते हुए फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस रैकेट का भंडाफोड़ किया है और इस धोखाधड़ी में शामिल चार जालसाजों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि महोरे तहसील के सरह निवासी हक नवाज ने रियासी थाने में लिखित शिकायत की कि उसने ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया था और इसके लिए वह एजेंटों के एक समूह के संपर्क में आया जिसने लाइसेंस प्रदान करने के लिए उससे 35हजार रुपये लिये हैं।
उन्हाेंने कहा कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। जिसके बाद, उनकी टीम ने पनासा तहसील ठाकराकोट के एक राजेश कुमार उर्फ हैप्पी और विजयपुर के शाम लाल उर्फ शामू को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि शामू ने ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए 35 हजार रुपये की ठगी की। इसके अलावा, जम्मू के अखनूर से दीपक कुमार तथा अन्य आरोपियों को भी धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
जम्मू में धोखाधड़ी के आरोप में 4 गिरफ्तार
