डालटनगंज : झारखंड में पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरी ओपी चेक पोस्ट के पास वाहन चेकिंग के दौरान हथियार समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में बताया कि 17 नवंबर को पूर्वाहन 11 बजे देवरी ओपी प्रभारी इन्द्रदेव राम के द्वारा सशस्त्र बल के साथ चेक पोस्ट के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। जांच के क्रम में हुसैनाबाद की तरफ से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियों आई। सशस्त्र बल के द्वारा रूकने का इशारा किया गया, जिसे देखकर चालक गाड़ी को भगाने का प्रयास करने लगा, लेकिन बेरियर लगाकर गाड़ी को रोका गया और वाहन में बैठे युवकों एवं गाड़ी की तलाशी ली गई।
श्री सिन्हा ने बताया कि तलाशी के क्रम में वाहन में अवैध रूप से ले जा रहे दो देशी बंदूक एवं आठ गोली बरामद की गयी। पकड़े गए युवकों से पूछताछ के बाद ज्ञात हुआ कि उक्त बंदूक एवं गोली गढ़वा से लाया गया था और देवरी नाव घाट के रास्ते बिहार पहुंचाया जाना था। इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में गढ़वा जिले के रमुना थाना क्षेत्र के ग्राम चानाकला के रहने वाले सुभाष कुमार (21वर्ष), फिरोज अंसारी (21वर्ष), आनंद कुमार (20वर्ष) एवं तौहीद अंसारी (19वर्ष) शामिल हैं।
हथियार के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार
