कर्नाटक : कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा कर्नाटक में प्रवेश करने वाली है। 30 सितंबर को पार्टी कर्नाटक पड़ाव की शुरुआत करेगी। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य में राहुल गांधी के स्वागत में पोस्टर लगाए हैं, लेकिन राहुल गांधी के पहुंचने से पहले करीब 40 पोस्टर फाड़ दिए गए हैं।
कांग्रेस नेता इसे भाजपा की हरकत बता रहे हैं। उनका का आरोप है कि भाजपा ने गुंडलपेट हाईवे पर लगे पोस्टर्स फाड़ दिए हैं। हालांकि, अभी तक इस बारे में जानकारी नहीं मिली है कि पोस्टर क्यों और किसने फाड़े हैं।
भारत जोड़ो यात्रा को 22 दिन पूरे
7 सितंबर से शुरू हुई कांग्रेस की पदयात्रा को 22 दिन हो चुके हैं। केरल में करीब 450 किमी का सफर तय करने के बाद 30 सितंबर को यात्रा कर्नाटक में चामराजनगर जिले के जरिए कर्नाटक में प्रवेश करेगी। कर्नाटक में साल 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राज्य में कांग्रेस की यात्रा काफी अहम मानी जा रही है।
यहां कांग्रेस का सीधा मुकाबला भाजपा से है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राजनीतिक जानकार संदीप शास्त्री कहते हैं, यह यात्रा बताएगी कि कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर कितनी मौजूद है और कर्नाटक में पार्टी की स्थिति क्या है।
