मुंबई : टाटा मोटर्स ने घरेलू बाजार में सितंबर 2022 में 44 प्रतिशत की वृद्धि के साथ कुल 80,633 वाहनों की बिक्री की। इससे एक वर्ष पूर्व समान अवधि में 55,988 वाहन बिके थे। टाटा मोटर्स ने शनिवार को एक बयान में कहा कि कंपनी ने यात्री वाहनों के क्षेत्र में सितंबर 2022 में 85 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 47,654 वाहन बेचे जिसकी संख्या सितंबर 2021 में 25,730 थी।
टाटा मोटर्स यात्री वाहनों के प्रबंधन निदेशक शैलेश चंद्रा ने कहा कि कंपनी के लिए नेक्सॉन और पंच की रिकॉर्ड बिक्री के नेतृत्व में सितंबर 2022 सर्वश्रेष्ट प्रदर्शन वाला महीना रहा।
उन्होंने कहा,’टियागो ईवी को पेश करने के साथ ही के साथ कंपनी ने नए रास्ते खोले हैं और देश भर में ईवी को बड़े पैमाने पर पहुंचाने के लिए तैयार है। हमें उम्मीद है कि त्योहारी मौसम में वाहनों की आपूर्ति में सुधार के दम पर मजबूत बिक्री होगी।’
टाटा मोटर्स ने कहा कि सितंबर 2022 में नौ प्रतिशत की वृद्धि के साथ 32,979 वाणिज्यिक वाहन बिके जिसकी संख्या एक वर्ष पूर्व 30,258 थी।
टाटा मोटर्स की बिक्री में 44 प्रतिशत का उछाल
