गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

नारायणपुर धर्मांतरण मामले में 5 गिरफ्तार

नारायणपुर : छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के एक धार्मिक स्थल में कथित धर्मांतरण को लेकर हुए विवाद के दौरान पुलिस अधीक्षक सहित कुछ और लोगों के घायल हो जाने के मामले में आज शाम तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कल नारायणपुर जिले के एक धार्मिक स्थल पर कथित धर्मांतरण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान संघर्ष में पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार पत्थर लगने से घायल हो गए।

वहीं कुछ और लोग भी पथराव में घायल हुए थे। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बस्तर आईजी सुंदरराज पी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हालात खराब ना हो इसके लिए आज नारायणपुर के चप्पे चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गयी। पुलिस ने नारायणपुर की पत्थरबाजी घटना में आदिवासी नेता रुपसाय सलाम समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी की गिरफ्तारी के बाद न्यायालय में पेश किया।

इस दौरान पूरा कोर्ट परिसर छावनी में तब्दील रहा है। वहीं धर्मान्तरण पर मचे बवाल मामले में बीजेपी ने 6 सदस्यीय जांच समिति गठित की है। इस समिति में पूर्व गृह मंत्री और रामपुर विधायक ननकीराम कवर, बीजेपी उपाध्यक्ष और विधायक शिवरतन शर्मा, कांकेर सांसद मोहन मंडावी, राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय, प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप और पूर्व मंत्री महेश गागड़ा शामिल है। समिति घटना की जांच करने के बाद अपनी रिपोर्ट पार्टी को सौंपेगी।
नारायणपुर में धर्मांतरण के आरोप में बवाल के बाद इलाके में अब भी तनाव की स्थिति बनी हुई है। सुरक्षा के लिहाज से शहर सहित आसपास के इलाके में बड़़ी संख्या में जवानों की तैनाती की गई है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने कहा है कि अभी स्थिति सामान्य है। घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एफआईआर दर्ज की जा रही है। आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *