चेन्नई : तमिलनाडु में कुड्डालोर जिले के नेवेली में नेवेली न्यू थर्मल पावर स्टेशन की यूनिट-2 में गुरुवार को आग लगने से पांच कर्मचारी झुलस गये। पुलिस के अनुसार, चार झुलसे कर्मचारी एनएलसी इंडिया लिमिटेड (एनएलसीआईएल) की औद्योगिक सहकारी सेवा समिति (इंडकोसर्व) से संबद्ध हैं जबकि एक अन्य एनएलसीआईएल का कर्मचारी है। उनमें से एक कर्मचारी की हालत गंभीर बताई जा रही है। आग लगने की घटना गुरुवार पूर्वाह्न 1130 बजे यूनिट-2 में लिग्नाइट जलाने के दौरान हुई। इंडकोसर्व के कर्मचारी एन सेल्वराज, के सुरेश, एस थिरुनावुकारासु, डी सेंथिल कुमार और एनएलसीआईएल कर्मचारी आर दक्षिणामूर्ति घटनास्थल पर मौजूद थे, जब 52 मीटर की ऊंचाई पर स्थित बॉयलर की सहायक लाइनों में से एक में आग लग गई।
घायलों को तुरंत एनएलसी इंडिया अस्पताल ले जाया गया और बाद में चेन्नई के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। इस आगजनी में एस थिरुनावुकारासु लगभग 80 प्रतिशत झुलस गया, जबकि चार अन्य लगभग 30 से 40 प्रतिशत झुलसे हैं। पिछले ढाई वर्षों में केंद्रीय पीएसयू में हुई यह तीसरी दुर्घटना है। पिछली दो दुर्घटनाएं थर्मल पावर स्टेशन-2 में हुई थीं। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
नेवेली थर्मल पावर स्टेशन में आग लगने से 5 कर्मचारी झुलसे
