अलवर : राजस्थान के अलवर में नगर परिषद आयुक्त की हठधर्मिता और व्यवस्थाओं के खिलाफ अलवर शहर के छह पार्षद नगर परिषद के गेट पर आज रात से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। पार्षदों ने चेतावनी दी है कि अगर नगर परिषद ने अलवर शहर के विकास पर ध्यान नहीं दिया तो यह धरना भूख हड़ताल में बदल जाएगा। इस धरने पर वार्ड नंबर 11 से देवेंद्र रसनियां ,वार्ड नंबर 65 से सोनू चौधरी ,वार्ड नंबर 10 से महेश नायक, वार्ड नंबर 39 से विष्णु शंकर शर्मा, वार्ड नंबर 54 से राम अवतार शर्मा एवं वार्ड नंबर 55 से दुलीचंद सैनी धरने पर बैठे हैं।
पार्षद देवेंद्र रसगनिया ने बताया कि वार्ड नंबर 65 में निर्माण कार्य चल रहा था सड़क निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा काली डस्ट मिलाई जा रही थी जिससे यह पता नहीं चलता कि इसमें सीमेंट की मात्रा कितनी है। इसके अलावा बजरी की जगह रेता काम में लिया जा रहा था। जब इसकी शिकायत जेईएन और एईएन से की तो मौके पर पहुंचे इन अधिकारियों ने ठेकेदार का पक्ष लिया और पार्षद से बदतमीजी की। इसके विरोध में धरना मुख्य रूप से शुरू किया गया है। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि 3 साल से निविदाएं नहीं लगाई गई हैं और जो निविदाएं लगाई गई थी वह निरस्त कर दी गई। अलवर शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ी हुई है आयुक्त अपनी हठधर्मिता किए हुए है।
विकास कार्यों की मांग को लेकर 6 पार्षद बैठे धरने पर
