गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में यूपी में पड़े 60 फीसदी वोट

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आठ संसदीय क्षेत्रों में करीब 60.25 प्रतिशत मतदान हुआ।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने शनिवार को बताया कि सहारनपुर सीट पर सबसे ज्यादा 65.95 फीसदी वोट पड़े, जबकि रामपुर सीट पर सबसे कम 54.77 फीसदी मतदान हुआ। अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में बिजनौर में 58.21 प्रतिशत, कैराना में 61.17 प्रतिशत, मुरादाबाद में 59.32 प्रतिशत, मुजफ्फरनगर में 59.29 प्रतिशत, नगीना में 59.54 प्रतिशत और पीलीभीत में 61.91 प्रतिशत मतदान हुआ।
गौरतलब है कि मतदान का यह प्रतिशत 2019 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले 5.9 फीसदी कम रहा। बिजनौर में 2019 में 66.15 प्रतिशत,नगीना में 63.64 प्रतिशत,मुरादाबाद में 65.45 प्रतिशत और पीलीभीत में 67.37 प्रतिशत मतदान हुआ था।
ये आठ संसदीय क्षेत्र नौ जिलों सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत और बरेली में हैं। छिटपुट घटनाओं को छोड़ कर मतदान आमतौर पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
यूपी में लोकसभा चुनाव का पहला चरण सभी राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण है, जिसमें सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अलावा समाजवादी पार्टी (सपा), कांग्रेस और बसपा शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *