इटावा : उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत और निर्माण के लिये 641 करोड़ रुपये की कार्य योजना तैयार की गई है ।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने गुरुवार को बताया कि जर्जर हालत में पहुंच चुकी 582 किलोमीटर सड़को के निर्माण के लिए इस कार्य योजना के प्रस्ताव को मंजूरी के लिये राज्य सरकार को भेजा गया है। कार्य योजना पर अंतिम मुहर लगने के बाद जर्जर सड़कों का निर्माण बड़ी तेजी से शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होने बताया कि जिले में इटावा,भरथना ओर जसवंतनगर तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 641 लाख रुपये से 582 किलोमीटर सड़कों की विशेष मरम्मत और नवीनीकरण किया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) ने शासन को प्रस्ताव भेजा है। स्वीकृति मिलने पर बारिश खत्म होते ही काम शुरू होगा। प्रस्ताव में कई पुरानी सड़कें शामिल हैं जिनकी कई वर्षों से मरम्मत नहीं हुई है। सड़कें बनने से आवागमन में सहूलियत होगी।
इटावा जिले की 695 राजस्व गांवों और छह नगर निकायों में 3392 किलोमटीर सड़कों का जाल फैला है। लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, जिला पंचायत संग नगर पंचायत, मंडी समिति मार्गों की देखभाल करती है।
इसमें सभी निर्माण कार्य का नोडल लोक निर्माण विभाग रहता है। इन मार्गों के देखभाल की जिम्मेदारी लोनिवि की होती है। वैसे तो कार्यदायी संस्थाओं की ओर से हर साल करोड़ों रुपये खर्च कर सड़कें बनाई जाती हैं, लेकिन जलजमाव, मानक में कमी के कारण कई सड़कें समय से पहले ही क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। जिससे लोगों को यात्रा करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रांतीय खंड में 106 किलोमटीर, निर्माण खंड में 199 किलोमीटर, निर्माण खंड प्रथम में 125 किलोमटीर और निर्माण खंड तीन में 152 किलोमटीर की सड़कों समेत कुल 582 किमी सड़कों के मरम्मतीकरण का प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग ने शासन को भेजा है। इन सड़कों के विशेष मरम्मत एवं नवीनीकरण पर करीब छह करोड़ 41 लाख का खर्च आएगा। सभी सड़कें एक से दो किलोमीटर लंबी है।
छोटे बाजारों से लेकर ग्रामीण व अंचलों को जोड़ने वाली यह सड़कें कई साल से बदहाल थीं। वहीं विभाग की ओर से 122 सड़कों की दशा सुधारने के लिए भी बजट की मांग की है।
इनमें प्रांतीय खंड की 18, निर्माण खंड की 17, निर्माण खंड एक की 37, निर्माण खंड तीन की 50 सड़कें शामिल है। विभाग की ओर से इन सड़कों के लिए लगभग 44 करोड़ रुपये की मांग की गई है।
इटावा में सड़कों की मरम्मत के लिये खर्च होंगे 614 करोड़
