कोलकाता : पश्चिम बंगाल में मंगलवार को चार लोकसभा सीटों के लिए तीसरे चरण के मतदान में अपराह्न तीन बजे तक 73 लाख से ज्यादा मतदाताओं में से लगभग 63.11 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्य के मुर्शिदाबाद में जहां 65.40 फीसदी मतदान हुआ, वहीं जंगीपुर में 62.57 फीसदी, मालदा (उत्तर) में 61.50 फीसदी और मालदा (दक्षिण) में 62.90 फीसदी मतदान हुआ। मुर्शिदाबाद की भागोबंगोला विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव हो रहा है, जहां दोपहर तीन बजे तक 61.18 प्रतिशत मतदान हुआ।
राज्य की चारों लोकसभा सीटों के लिए कुल 57 उम्मीदवारों में से 26,12,395 महिला और 154 ट्रांसजेंडर सहित 73,37,651 मतदाता विजेताओं के भाग्य का फैसला करेंगे। इस बीच, बंगाल के मुर्शिदाबाद लोकसभा क्षेत्र से मार्क्सवादी कम्युनिष्ट पार्टी(माकपा) उम्मीदवार मोहम्मद सलीम ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज की है, जिसमें उन्होंने तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर रानी नगर में मतदाताओं को मतदान केंद्र में प्रवेश करने से रोकने का आरोप लगाया है।
श्री सलीम ने कहा, “मुझे स्थानीय पुलिस पर भरोसा नहीं है क्योंकि वह निष्क्रिय है। मैंने मतदाताओं की सहायता के लिए एएसपी को फोन किया है और मैं मतदाताओं को मतदान केंद्र संख्या 39 में प्रवेश करने से रोकने वाले लोगों का पीछा करूंगा। ” श्री सलीम ने यह भी आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ता आम मतदाताओं को लगातार धमका रहे हैं।
मुर्शिदाबाद के एक मतदान केंद्र में एक फर्जी एजेंट को गिरफ्तार किया गया, जब सलीम ने फर्जी टीएमसी एजेंट की पहचान की और उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
जंगीपुर से भाजपा उम्मीदवार धनंजय घोष ने भी आरोप लगाया कि उनके दो एजेंटों को हरिहरपाड़ा में मतदान केंद्र में प्रवेश करने से रोका गया। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी समर्थकों द्वारा मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं को रोकने की शिकायतों के बावजूद मतदान केंद्रों के बाहर तैनात राज्य पुलिस निष्क्रिय है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बल मतदान परिसर के अंदर थे लेकिन बूथों पर सत्तारूढ़ पार्टी के समर्थकों ने बाधा उत्पन्न की।
टीएमसी ने हालांकि ऐसे सभी आरोपों का खंडन किया और कहा कि जंगीपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार धनंजय घोष ने गुंडागर्दी का प्रदर्शन किया। उन्होंने टीएमसी ब्लॉक अध्यक्ष संजय घोष के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की।
केंद्रीय बलों की त्वरित प्रतिक्रिया टीम मुर्शिदाबाद संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वली रानी नगर पहुंची है, जहां बम फेंके गए थे।
चुनाव आयोग ने जंगीपुर से भाजपा उम्मीदवार और टीएमसी उम्मीदवार के बीच हुई झड़प के बारे में भी रिपोर्ट मांगी जहां टीएमसी उम्मीदवार कथित रूप से भाजपा उम्मीदवार पर हमला किया था और स्थिति को सामान्य करने के लिए केंद्रीय बल और राज्य पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
मुर्शिदाबाद से भाजपा प्रत्याशी गौरीशंकर घोष ने आरोप लगाया कि अजीमगंज बूथ 64 पर पीठासीन अधिकारी उसी स्कूल की प्रधानाध्यापिका हैं। श्री घोष ने कहा कि मामले की जानकारी चुनाव आयोग को दे दी गई है जिसने इस विवादास्पद मुद्दे पर गौर करने का आश्वासन दिया है।
मालदा के रातुआ में मतदाताओं को डराने के लिए बम विस्फोट किए गए। टीएमसी और भाजपा सभी चार सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं जबकि कांग्रेस ने तीन और माकपा ने एक सीट पर अपना उम्मीदवार उतारा है। मालदा उत्तर में मौजूदा भाजपा सांसद खगेन मुर्मु का मुकाबला पूर्व आईपीएस अधिकारी और टीएमसी उम्मीदवार प्रसून बनर्जी से है, जो पुलिस सेवा छोड़ने के तुरंत बाद टीएमसी में शामिल हुए थे। यहां से कांग्रेस ने मुस्ताक आलम को उम्मीदवार बनाया है।
मालदा दक्षिण से भाजपा ने श्रीरूपा मित्रा चौधरी, जिन्हें निर्वाया देवी के नाम से भी जाना जाता है, को मैदान में उतारा है, जबकि टीएमसी ने शाहनवाज अली रेहान और कांग्रेस ने ईशा खान चौधरी को मैदान में उतारा है।
जंगीपुर लोकसभा सीट महत्वपूर्ण रूप से पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से जुड़ी हुई है, जिन्होंने 2004 और 2009 में इस निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की थी। मौजूदा टीएमसी के खलीलुर रहमान को त्रिकोणीय मुकाबले में भाजपा के धनंजय घोष और कांग्रेस के मुर्तजा हुसैन से सामना करना पड़ रहा है।
मुर्शिदाबाद सीट पर माकपा के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम, टीएमसी के अबू ताहेर खान और भाजपा के गौरी शंकर घोष के बीच प्रतिस्पर्धा होने का अनुमान है। वर्तमान में श्री खान मुर्शिदाबाद के सांसद हैं। मालदा उत्तर में कुल 18,12,035 मतदाता हैं, जिनमें 9,15,835 महिलाएं और 53 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। मालदा दक्षिण में 17,82,159 मतदाता हैं, जिनमें 8,82,587 महिलाएं और 48 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।
जंगीपुर में कुल 18,05,360 मतदाता हैं, जिनमें 8,88,085 महिलाएं और 23 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। मुर्शिदाबाद में कुल 18,88,097 मतदाता हैं, जिनमें 9,25,888 महिलाएं और 28 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।
बंगाल में अपराह्न तीन बजे तक 63.11 फीसदी मतदान
