गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमस्खलन की चपेट में आए 70 लोगों को बचाया

शिमला : हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिले में हिमस्खलन की चपेट में आने से पांगी-चंबा से जोड़ने वाला मार्ग बंद हो गया है। यहां पर स्टेट हाईवे-26 पर रोहली नामक स्थान पर सड़क पर एवलांच आ गया था। इस दौरान हिमस्खलन में फंसे 70 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
शनिवार देर शाम को यह मार्ग बंद हो गया और बड़ी संख्या में लोग यहां फंस गए थे। पुलिस ने 70 लोगों को यहां से रेस्क्यू किया और रात को रेस्ट हाउस में ठहराया।
जानकारी के अनुसार, करीब पुलिस चौकी तिन्दी को सूचना मिली थी कि तिन्दी-किलाड़ राज्य उच्च मार्ग-26 पर रोहली के समीप हिमस्खलन हुआ है। मार्ग के अवरूद्ध होने पर पांगी की ओर गाड़ियां और तिन्दी की ओर एक एंबुलेंस और छह गाड़ियां फंस गई हैं। इस पर एक बचाव दल और सड़क सुरक्षा संगठन की टीम मौके के लिए रवाना हुई।
यहां से लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है, लेकिन सड़क अब भी अवरूद्ध है। पुलिस ने पांगी की ओर फंसे वाहनों और यात्रियों को वापस भेजा है। जबकि तिन्दी की ओर फंसे वाहनों और यात्रियों को सुरक्षित तिन्दी लाया गया। इन लोगों को घरों, पीडब्ल्यूडी और फॉरेस्ट रेस्ट हाउस तिन्दी में सुरक्षित ठहराया गया है। लाहौल स्पीति के एसपी मानव वर्मा ने बताया कि 70 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। सभी को सुरक्षित ठहराया गया है और फिलहाल, सड़क को भी जल्द बहाल कर दिया जाएगा।
हाल ही में हिमाचल में बर्फबारी हुई थी। उसके बाद से ही सूबे में बड़ी संख्या में सड़कें बंद हैं। प्रदेश में तीन नेशनल हाईवे सहित 156 रोड अब भी बंद है। हिमाचल में सोमवार को मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कुछ क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव आने की संभावना है। सात और आठ फरवरी को मौसम साफ बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *