गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

82 लाख का इनामी नक्सली गिरफ्तार

भोपाल : मध्यप्रदेश के आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने फरार नक्सली अशोक रेड्डी और उसकी पत्नी रैमती को जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है। नक्सली पर तेलंगाना, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश को मिलाकर 82 लाख रूपये का इनाम घोषित है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अशोक रेड्डी प्रतिबंधित संगठन सीपीआई की दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का सदस्य है। वहीं इसकी पत्नी रैमती उत्तर बस्तर क्षेत्र में पार्टी के लिए प्रेस का कार्य जैसे कि माओवादी साहित्य, पर्चे, पम्‍पलेट, प्रेस विज्ञप्ति, बैनर, पोस्‍टर आदि को छपवाने का काम संभालती है।
आरोपी अशोक रेड्डी के विरुद्ध तेलंगाना, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र में मुख्य रूप से हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, बलवा, पुलिस पर हमला, अपहरण, लूट, आगजनी सहित विस्फोटक अधिनियम से संबंधित 60 से अधिक गंभीर अपराध पंजीबद्ध हैं। सीपीआई की दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का सदस्य होने के कारण अशोक रेड्डी पर तेलंगाना, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश को मिलाकर 82 लाख रूपये का इनाम घोषित है।
आरोपियों के पास से एक पिस्टल मय कारतूस, तीन लाख रुपये से अधिक की नगद राशि एवं प्रतिबंधित संगठन सीपीआई का साहित्य बरामद किया गया है। आरोपी अशोक रेड्डी का मुख्य कार्य क्षेत्र तेलंगाना एवं छत्तीसगढ़ राज्य से संबंधित रहा है, परन्तु मध्यप्रदेश राज्य में नक्‍सल कैडर एवं नेटवर्क को मजबूत करने के कार्य में उपरोक्त नक्सलियों के संलिप्त होने की पूर्ण संभावना है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना एटीएस, भोपाल में धारा 419 भारतीय दंड विधान, धारा 20 विधि विरुद्ध क्रिया कलाप (निवारण) अधिनियम एवं धारा 25,27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया जाकर विवेचना की जा रही है। आरोपियों से जुड़े अन्य नेटवर्क एवं मॉड्यूल की जानकारी पता की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *