गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

राजस्थान विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा की हुई समीक्षा बैठक

जयपुर : राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विधानसभा चुनाव के बाद सोमवार को यहां समीक्षा बैठक आयोजित की गई। भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एंव प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के नेतृत्व में इस बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चुनाव प्रबंधन के अनुभव से जुड़े सुझाव भी लिए गए, जिसमें पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने कार्यानुभव से जुड़े विभिन्न सुझाव दिये।
श्री सिंह ने भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि राजस्थान विधानसभा चुनाव का प्रबंधन मजबूत और सुदृढ़ रहा। श्री जोशी के नेतृत्व में पूरी टीम ने सकारात्मक रूख रखते हुए निरंतर काम किया है। सीपी जोशी का सरल व्यवहार और टीम मैनेजमेंट सहित संवाद और समन्वय बेहतर रहा। आवास विकास, मॉनिटरिंग, चुनाव प्रबंधन टीम और मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ के नेतृत्व में मीडिया सेंटर का बेहतर संचालन हुआ।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस की ओर से प्रशासनिक अड़ंगे लगाए गए, लेकिन भाजपा का मतदाता इतना सजग था कि उसने इन लोगों की एक नहीं चलने दी। इस आधार पर हम कह सकते हैं कि भाजपा प्रचंड बहुमत से सत्ता में आ रही है।
श्री जोशी ने कहा कि सभी भाजपा कार्यकर्ताओं और उनकी टीम ने रात-दिन श्रम किया है। प्रत्येक कार्यकर्ता भाजपा की प्रचंड जीत का भागीदार रहेगा। सुनियोजित प्रबंधन के साथ किया गया कार्य अकल्पनीय है। उन्होंने कहा “हम सत्ता का सेमीफाईनल जीत रहे हैं और फाईनल अभी शेष है जिसके लिए हम सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। चुनाव प्रबंधन में कार्यकर्ताओं ने रात-दिन निष्ठा से काम किया और कुछ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने तो घर-परिवार को भी त्याग दिया इस कदर मेहनत की है।”
नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने संबोधित करते हुए कहा कि श्री जोशी के पगफेरे ने राजस्थान के चुनावी समर में जान फूंक दी और आगामी तीन दिसंबर को चुनावी जीत का सेहरा श्री जोशी के बंधना तय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी कार्यर्ताओं और पदाधिकारियों ने जो मेहनत की है उसके लिए वे सभी प्रशंसा के पात्र है। राजस्थान में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *