चंडीगढ़ : मनोहर लाल खट्टर ने जींद जिले की उचाना मंडी के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार के बहुचर्चित मामले में निलम्बित आरोपी प्रधानाचार्य करतार सिंह को बर्खास्त करने को मंजूरी दे दी है। खट्टर ने यह फैसला मामले की जांच के बाद लिया है। एसडीओ (सिविल) उचाना की भेजी गयी रिपोर्ट में इस बात का उल्लेख है कि इसमें कयी छात्राओं ने उनके खिलाफ दुर्व्यवहार किये जाने को लेकर प्रधानाचार्य के खिलाफ बयान दिये हैं। इसके बाद मामले की गम्भीरता और प्रधानाचार्य के खिलाफ आरोपों को देखते हुये यह कार्रवाई की गई है। उल्लेखनीय है कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई करते हुये आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है तथा सम्बंधित स्कूल में महिला प्रधानाचार्य तथा 16 नये स्टाफ की भी नियुक्ति की गयी है।
