मुरैना : मध्यप्रदेश के मुरैना में पिछले चार दिनों से हल्की बारिश और आसमान में बादलों द्वारा डेरा जमाने के बाद आज तड़के शरद ऋतु के पहले कोहरे ने शहर को पूरी तरह से ढक दिया जिससे दृश्यता कम होने से नजदीक का भी दिखाई नहीं दे रहा था। मुरैना संवाददाता के अनुसार सड़कों पर कोहरे के कारण वाहन रेंगते हुए चल रहे थे। आज सुबह जैसे ही लोग नींद से जागने के बाद घरों से बाहर झांके तो घने कोहरे के कारण कुछ भी दिखाई नहीं दिया। जिससे लोगों को अपने बाहरी कार्य करने के लिये जाने में बहुत ही कठिनाई का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण काफी समय तक नेशनल हाइवे पर भी आवागमन बाधित रहा और दिल्ली की तरफ से आने वाली ट्रेनें भी देरी से चलने की खबरें हैं।
