मदुरै (तमिलनाडु) : तमिलनाडु के मदुरै जिले में थोपपुर के पास अज्ञात मोटरसाइकिल सवार लुटेरों द्वारा मोबाइल फोन छीनने का विरोध करने पर बिहार के एक 21 वर्षीय प्रवासी श्रमिक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है और एक अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि मृतक श्रमिक का नाम सुभाष है। गंभीर रूप से घायल बिहार के एक अन्य प्रवासी श्रमिक सनी (21) को सरकारी राजाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
थोप्पुर में एक भवन के निर्माण में श्रमिकों के एक समूह को काम पर लगाया गया था।सुभाष और सनी किराने का सामान खरीदने के बाद निर्माण स्थल पर अपने निवास स्थान पर लौट रहे थे, जब मोटरसाइकिल पर सवार तीन लुटेरों ने उन्हें रोक लिया।
लूटेरों में से एक ने सुभाष से मोबाइल फोन छीन लिया और मोटरसाइकिल पर भागने की कोशिश की। हालाँकि, सुभाष और सनी ने मोटरसाइकिल खींची और उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। हाथापाई के दौरान, लुटेरों ने सुभाष और सनी दोनों पर कई बार चाकू से वार किया और प्रवासी श्रमिकों को खून से लथपथ छोड़कर मौके से भाग गये।
राहगीर उन्हें बाद में अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टरों ने सुभाष को मृत घोषित कर दिया, जबकि सनी का इलाज चल रहा है। पुलिस ने हमलावरों को पकड़ने के लिए दो विशेष टीमें बनायीं । ऑस्टिनपट्टी पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
बिहार के श्रमिक की लुटेरों ने की हत्या
