गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

ब्रिक्स महिला उद्योगमंडल का महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने का कार्यक्रम

नई दिल्ली : ब्रिक्स वाणिज्य उद्योगमंडल (ब्रिक्स सीसीआई) के महिला उद्यमियों से संबंधित प्रभाग ‘ब्रिक्स सीसीआई वी’ ने एक वैश्विक महिला नेतृत्व कार्यक्रम की घोषणा की है, जिसका उद्देश्य ब्रिक्स और सहयोगी देशों की महिला पेशेवरों और उद्यमियों को सशक्त बनाना है।
ब्रिक्स सीसीआई वी की एक विज्ञप्ति के मुताबिक यह कार्यक्रम शिक्षक-प्रशिक्षक एवं सीख के मॉड्यूल के माध्यम से विभिन्न देशों में चलाया जाएगा। यह महिला सशक्तिकरण पहल और नीतियों पर केंद्रित होगा। इस कार्यक्रम का मॉड्यूल शीटवर्क और थिंकस्टार्टअप के सहयोग से विकसित किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य ब्रिक्स सीसीआई ब्रिक्स और अन्य साथी सहयोगी देशों में वाणिज्य और उद्योग को बढ़ावा देता है। ब्रिक्स वी वैश्विक महिला नेतृत्व कार्यक्रम महिलाओं को अपने नेतृत्व कौशल को बढ़ाने, वैश्विक संबंधों को बढ़ावा देने और अनुभवी पेशेवरों और वैश्विक नेताओं से मूल्यवान अंतर्दृष्टि प्राप्त करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है।
बयान के अनुसार इस पहल में भारत सहित विभिन्न देशों के बड़े नाम जुड़े हैं। इस पहल के उद्घाटन कार्यक्रम के लिए ब्रिक्स सीसीआई के सलाहकार और मार्गदर्शकों में कल्पना शर्मा (पूर्व अतिरिक्त सचिव, लोकसभा), डॉ. आयशा बिन बिशर (स्मार्ट दुबई कार्यालय की महानिदेशक), निकोल गुयेन (एपीएसी डीएओ, वियतनाम की सह-संस्थापक) जेनी चेन (संस्थापक और सीईओ ए एंड जे कंसल्टिंग इंटरनेशनल), नूपुर झुनझुनवाला (ट्रस्टी और सह-संस्थापक, चेंजिंक) निधि गोयल (प्रबंध भागीदार- अविनव कंसल्टिंग), देबजानी मुखर्जी (संस्थापक- नानिघर) और संजीव शिवेश (सह-संस्थापक, थिंकस्टार्टअप एंड कार्यक्रम निदेशक, यूथ आइडियाथॉन) जैसे नाम शामिल हैं।
उद्घाटन कार्यक्रम में ब्रिक्स और अन्य मित्र देशों की लगभग 25 महिला पेशेवर और उद्यमी व्यवसाय संचालन, वैश्विक बाजार प्रवेश रणनीति, विकास व्यवसाय योजना, व्यक्तिगत विकास योजना और वैश्विक सफलता के लिए नेतृत्वकारी भूमिकों जैसे विषयों पर केंद्रित तीन महीने के गहन शिक्षण और परामर्श मॉड्यूल के लिए एक साथ जुड़ेगी। इस कार्यक्रम में अतिथि वक्ता भी अपने अनुभव और विशेषज्ञता साझा करेंगे, प्रतिभागियों के ज्ञान को बढ़ाएंगे और मूल्यवान अंतर्दृष्टि प्रदान करेंगे। कार्यक्रम साप्ताहिक सत्रों के साथ हाइब्रिड मोड में चलेगा। सफल प्रतिभागियों को ब्रिक्स सीसीआई से प्रमाणन प्राप्त होगा।
ब्रिक्स सीसीआई के महानिदेशक डॉ. बीबीएल मधुकर ने कहा, “मेरा मानना है कि ब्रिक्स वी वैश्विक महिला नेतृत्व कार्यक्रम जैसी पहल दुनिया भर में महिलाओं के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने की क्षमता रखती है।”
कार्यक्रम की घोषणा करते हुए, ब्रिक्स सीसीआई वी की अध्यक्ष सुश्री रूबी सिन्हा ने कहा, “यह कार्यक्रम वैश्विक व्यापार परिदृश्य में महिलाओं के नेतृत्व को आगे बढ़ाने के लिए ब्रिक्स सीसीआई की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इसका उद्देश्य प्रतिभागियों को विश्व स्तरीय परामर्श, प्रशिक्षण और संसाधनों तक पहुंच प्रदान करना है। हम महत्वाकांक्षी महिला नेताओं को विकास, ज्ञान और प्रेरणा की इस सशक्त यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करते हैं।” कार्यक्रम में भाग लेने की इच्छुक उद्यमियों को संगठन की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन करने की सुविधा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *