गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जम्मू-कश्मीर : बारिश, बर्फबारी के बाद मौसम में सुधार

श्रीनगर : केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को हुई बारिश और हिमपात के बाद शुक्रवार को मौसम में सुधार दिखाई दिया और आगे मौसम शुष्क रह सकता है। बारिश और हिमपात के मद्देनजर प्रदेश की कई सड़कों को एहतियात के तौर पर वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। केन्द्रशासित प्रदेश के मैदानी इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है।
मौसम कार्यालय ने कहा कि वर्तमान में कई स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं, मध्य कश्मीर के गंदेरबल जिले के सोनमर्ग और इसके आसपास के इलाकों में शुक्रवार को हिमपात हुआ। मौसम कार्यालय ने कहा कि आज से जम्मू-कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर दोपहर तक मौसम में उल्लेखनीय सुधार होगा और उसके बाद मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है।
विभाग ने कहा कि केन्द्रशासित प्रदेश में दो से सात दिसंबर तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है और आठ से 10 दिसंबर तक आमतौर पर बादल छाए रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि दो दिसंबर के बाद से तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। यातायात अधिकारियों ने कहा, “सड़कों से बर्फ हटाने का काम प्रगति पर है और अधिकारियों की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद राजमार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।”
पिछले 24 घंटों के दौरान ताजा हिमपात के बाद उत्तरी कश्मीर में साधना टॉप, चौकीबल तंगधार और केरन में सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दी गईं हैं। श्रीनगर में पिछली रात के न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले आज 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, और केन्द्रशासित प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी में इस मौसम की अवधि के दौरान यह सामान्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस अधिक था। श्रीनगर में भी पिछले 24 घंटों के दौरान आज सुबह साढ़े आठ बजे तक 16.7 मिमी बारिश दर्ज की गयी है।
दक्षिण कश्मीर के पर्यटक स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो सामान्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस अधिक था। पिछले 24 घंटों के दौरान यहां 10.2 मिमी बारिश दर्ज की थी है। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान पिछली रात के 5.0 डिग्री के मुकाबले 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और कोकरंग का न्यूनतम तापमान पिछली रात के 3.5 डिग्री के मुकाबले 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दोनों इलाकों पर पिछले 24 घंटों के दौरान क्रमश: 21.0 मिमी और 11.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी है। उत्तरी कश्मीर के स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान पिछली रात के शून्य से नीचे 1.8 डिग्री की तुलना में शून्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *