गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मतगणना स्थल को ईको-फ्रेंडली रखने के दिए गए निर्देश

जयपुर : राजस्थान में मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने विधानसभा आम चुनाव-2023 की रविवार को होने वाली मतगणना के संबंध में की गई तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शनिवार को बैठक कर समीक्षा की और मतगणना स्थल को ईको फ्रेंडली रखने के निर्देश दिए। गुप्ता ने शनिवार को सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों से कहा कि मतगणना को लेकर आयोग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का गंभीरता के साथ पालन सुनिश्चित कराएं। राजनैतिक दलों को भी मतगणना की प्रक्रिया के बारे में अवगत कराएं। साथ ही ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रखे जाएं और पूरी पारदर्शिता के साथ मतगणना की प्रक्रिया को पूर्ण कराएं।
उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को मतगणना स्थल को ईको फ्रेंडली रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना स्थल को साफ-सुथरा रखना हम सब की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि मतगणना के दौरान एवं चुनाव के परिणाम घोषित होने के पश्चात कानून व्यवस्था की स्थिति नियंत्रित बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग, पुलिस बंदोबस्त, पार्किंग व्यवस्था आदि के लिए उचित प्रबंध जिला निर्वाचन अधिकारी के स्तर पर सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला मजिस्ट्रेट द्वारा धारा 144 दंड प्रक्रिया संहिता के प्रावधानों के अनुसार मतगणना के पश्चात विजय जुलूस, हर्ष फायरिंग, डीजे वाहन का प्रयोग, वाहन रैली आदि जैसे आयोजनों पर रोक रहेगी।
श्री गुप्ता ने कहा कि सभी 33 जिलों के मतगणना केंद्रों पर नियत समय पर सुबह आठ बजे से मतगणना प्रारंभ होगी। सबसे पहले डाक मतों की गिनती शुरू होगी। इसके आधे घंटे बाद साढ़े आठ बजे से ईवीएम में दर्ज मतों की गणना प्रारंभ होगी। उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान बिजली की व्यवस्था सुचारू रूप से रहे यह सुनिश्चित कर लिया जाए। डाक मत पत्रों की गणना के लिये लगाए गये प्रत्येक टेबल पर एक एआरओ की उपस्थिति होगी।
उन्होंने स्ट्रांग रूम से आने वाली ईवीएम मशीनों की क्रॉसिंग न होने, एजेंटों को रंगीन आई कार्ड जारी करने, एजेंटों की बैठक व्यवस्था करने और ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्ट्रांग रूम के बाहर लगाई गई स्क्रीन हर समय चालू रहने के निर्देश दिए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि काउंटिंग हॉल में मोबाइल फोन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहे और कोई भी एजेंट, प्रत्याशी मोबाइल लेकर अंदर नहीं जा सकेंगे।
मतगणना की तैयारियों को लेकर श्री गुप्ता ने शनिवार को राजनैतिक दलों के साथ बैठक कर उन्हें मतगणना की समस्त तैयारियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पात्र एवं पर्याप्त संख्या में मतगणना अभिकर्ताओं की ही नियुक्ति सभी राजनैतिक दलों के द्वारा की जानी चाहिए। बैठक में पांच राजनैतिक दलों के 19 प्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *