जयपुर : राजस्थान विधानसभा चुनाव की मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगभग 100 सीटों पर अपनी बढ़त बनाकर सबसे आगे चल रही है जबकि कांग्रेस ने करीब 80 सीटों पर अपनी बढ़त बनाई हैं। मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा ने सौ से भी अधिक सीटों पर बढ़त बना ली थी लेकिन मतगणना के कई राउंड के बाद भाजपा 99 सीटों पर आगे चल रही हैं जबकि कांग्रेस ने 78 सीटों पर अपनी बढ़त बनाई हैं।
अब तक मिले रुझानों के अनुसार भारतीय आदिवासी पार्टी के चार, बहुजन समाज पार्टी दो जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल , भारतीय ट्राइबल पार्टी एवं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी एक-एक सीट पर अपनी बढ़त बना रखी है। इसके अलावा नौ सीटों पर निर्दलीय आगे चल रहे हैं।
अब तक मिले रुझानों में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे , मंत्री शांति कुमार धारीवाल एवं प्रमोद जैन भाया , विश्वेन्द्र सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, उपनेता प्रतिपक्ष डा सतीश पूनियां, भाजपा की दिया कुमारी, निर्दलीय प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री यूनुस खान, निर्दलीय रविन्द्र सिंह भाटी आगे चल रहे हैं जबकि विधानसभा अध्यक्ष डा सी पी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़, पूर्व केन्द्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी से पीछे चल रहे हैं। इसी तरह राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी एवं मंत्री सुभाष गर्ग आगे चल रहे हैं।
