बरघाट में कमल आगे
सिवनी : मध्यप्रदेश में सिवनी जिले की चार विधानसभा सीटों में से तीन सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी मतगणना के प्रथम चक्र से अपने प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशियों पर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि बरघाट सीट पर भाजपा प्रत्याशी कमल मर्सकोले आगे हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार यहाँ विधानसभा चुनाव की मतगणना में दोपहर एक बजे तक छह चक्र पूरे हो चुके हैं। लगभग चालीस प्रतिशत मतों की गणना का कार्य पूरा हो चुका है।
अभी तक हुई मतगणना के नतीजों में सिवनी, केवलारी, लखनादौन सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी आगे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के प्रभाव वाले छिंदवाड़ा का पड़ोसी जिला होने के कारण के सिवनी की चारों सीट कांग्रेस के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
जिले की सिवनी सीट पर इंडियन नेशनल कांग्रेस के आनंद पंजवानी 38015 मत लेकर 4298 मतों से आगे हैं। भाजपा के दिनेश राय 33717 मत लेकर दूसरे स्थान पर हैं,जबकि गोंगपा के रंजीत वासनिक को 8356 मत मिले हैं। केवलारी विधानसभा सीट पर कांग्रेस के रजनीश हरवंश सिंह ने 41490 मत लेकर 15682 मतों से प्रतिद्वंदी भाजपा के राकेश पाल सिंह को पीछे छोड़ दिया है।
अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित लखनादौन सीट में कांग्रेस के योगेंद्र सिंह बाबा 36459 मत लेकर 10216 मतों से आगे हैं। यहाँ भाजपा के विजय उइके 26243 मतों के साथ दूसरे और गोंगपा के संतर बलारी 10464 मत लेकर तीसरे स्थान पर हैं। अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित सिवनी जिले की बरघाट विधानसभा में अब तक 6 चक्र तक हुई है। मतगणना में भाजपा के कमल मर्सकोले 34857 मत लेकर अपने प्रतिद्वंदी से 1422 मतों से आगेे हैं। दूसरे स्थान पर चल रहे कांग्रेस के अर्जुन सिंह काकोड़िया को 33435 मत मिले हैं।
