गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

एमपी के मन में और देश के दिल में हैं मोदी

भोपाल : शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली शानदार सफलता के लिए प्रदेश की जनता और नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए आज कहा कि मोदी एमपी के मन में और देश के दिल में बसे हैं। चौहान ने यहां भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पार्टी की प्रचंड जीत के पश्चात कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश को लगातार उनका प्यार और आशीर्वाद मिला है तथा प्रदेश की जनता भी उनके प्रति अगाध विश्वास और श्रद्धा रखती है। इसी श्रद्धा और विश्वास के चलते प्रधानमंत्री ने जो गारंटी दी, जनता ने उस पर भी विश्वास किया और भाजपा पर भरपूर प्यार और आशीर्वाद लुटाया है। चौहान ने कहा कि पार्टी को मिली इस शानदार सफलता के लिए वे प्रदेश की जनता तथा मोदी को प्रणाम करते हैं और हृदय से धन्यवाद देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा को एक बार फिर शानदार जीत मिली है। भाजपा सरकार ने यहां जो प्रगति और विकास के काम किए हैं, उन्हें जनता ने अपना प्यार और आशीर्वाद दिया है। हमने हर वर्ग के कल्याण के लिए लाडली बहना योजना, सीखो कमाओ योजना जैसी जो योजनाएं बनाईं और केंद्र सरकार की योजनाओं का जिस तरह से क्रियान्वयन किया है, डबल इंजन सरकार के इन कामों को जनता ने अपना प्यार और आशीर्वाद दिया है। हम सभी जनता को यह विश्वास दिलाते हैं कि हम जनता को दिया गया एक-एक वचन पूरा करेंगे।
चौहान ने कहा कि इस चुनाव में केन्द्रीय गृह मंत्री और कुशल रणनीतिकार अमित शाह ने जीत की रणनीति तैयार की। हमें भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा का कुशल मार्गदर्शन मिला। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश, केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव, केंद्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, केन्द्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और हम सभी लोगों ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम किया, मेहनत की।

यह जीत उसी का परिणाम है और इसके लिए वे सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस यह दुष्प्रचार कर रही थी कि प्रदेश में ‘एंटी इनकमबेंसी’ है। प्रदेश में कोई एंटी इनकमबेंसी नहीं थी, जनता के प्यार की प्रो इनकमबेंसी थी। उन्होंने कहा कि जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर भरपूर प्यार और आशीर्वाद लुटाया है।
श्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन की सरकार, रणनीति व सामूहिक नेतृत्व से मिली ऐतिहासिक जीत है। केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा के कुशल नेतृत्व और रणनीति की वजह से भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर प्रचंड बहुमत से सरकार बना रही है। इसके लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को बहुत-बहुत धन्यवाद। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की नीतियों और विकास तथा गरीब कल्याण के कार्यों के लिए जनता ने पार्टी को आशीर्वाद दिया है। जनता के आशीर्वाद से ही भाजपा ऐतिहासिक जीत प्राप्त कर रही है। उन्होंने कहा कि हमें अपने देवतुल्य कार्यकर्ताओं पर गर्व है, जिनकी अथक मेहनत से यह प्रचंड जीत मिली है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री व कुशल संगठक व रणनीतिकार श्री शाह ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट शेयर प्राप्त करने का टास्क दिया था। पार्टी के देवतुल्य कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के 64523 बूथों पर अथक मेहनत करके हरा बूथ को जीतने के साथ 51 प्रतिशत वोट शेयर प्राप्त करने का कार्य किया है। देर रात तक जब पूरे प्रदेश का फानइल चुनाव परिणाम आएगा तो आप देखेंगे कि भाजपा अधिकांश बूथों पर 51 प्रतिशत प्राप्त वोट शेयर प्राप्त कर रही है।
श्री शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने सामूहिक नेतृत्व के साथ चुनाव लड़ा है और पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता लगातार जमीनी स्तर पर कार्य करके पार्टी को ऐतिहासिक बहुमत दिलाने का कार्य किया है।
भाजपा को विधानसभा चुनाव परिणाम में प्रचंड बढ़त मिलते ही दोपहर में प्रदेश कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जमकर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर खुशी मनाई और ढोल नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ताओं ने जमकर नृत्य किया। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने खुशी में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा को कंधे पर उठा लिया और भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाए।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश, केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव, केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, केन्द्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा एवं पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *