चंडीगढ़ : पंजाब के पठानकोट ज़िले में पुलिस ने अवैध खनन के आरोप में सात व्यक्तियों को गिरफ़्तार कर उनकी खनन की मशीनों को ज़ब्त कर लिया है। पंजाब के खनन और भू-विज्ञान मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने सोमवार को बताया कि ज़िले में अवैध खनन का पता लगने पर तुरंत कार्यवाही करते हुये खनन और भू-विज्ञान विभाग ने पुलिस विभाग को इस मामले में एफ.आई.आर दर्ज करने को कहा।
श्री जौड़ामाजरा ने बताया कि विभाग और पुलिस की सफल कार्यवाही के अंतर्गत दो अलग-अलग स्थानों पर ग़ैर-कानूनी ढंग से चल रही खनन गतिविधियों में शामिल सात व्यक्तियों को मौके पर गिरफ़्तार कर लिया गया। इसके अलावा क्रशिंग के लिए कच्चे माल से लदे चार टिप्परों, एक जेसीबी मशीन सहित बजरी-गटके के साथ लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी ज़ब्त किया गया है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4(1), 21(1) और आई.पी.सी. की धारा 379 के तहत थाना मामून और थाना नंगल भूर में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
उन्होने बताया कि पठानकोट शहर के पुलिस उपाधीक्षक की निगरानी में चलाए गए आपरेशन के दौरान थाना नंगल भूर की महिला थाना अधिकारी द्वारा बहादुरी के साथ दरिया पार करके मुलजिमों को काबू किया गया। उन्होने कहा कि भविष्य में भी ऐसी कार्यवाईयां तेज़ी से जारी रहेंगी और ग़ैर-कानूनी खनन गतिविधियों में शामिल किसी भी शख्स को बख़्शा नहीं जाएगा।
