नई दिल्ली : सार्वजनिक क्षेत्र की महारत्न कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) और उसकी इकाइयों ने राजधानी और अन्य स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर कंपनी की ओर से समाज कल्याण के तहत दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए हैं। कंपनी की सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार उसने निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत एक कार्यक्रम अपने मुख्यालय पर आयोजित किया जिसमें दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल जैसे सहायक यंत्र और उपकरण प्रदान किए गए । कंपनी दो वर्ष से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
सेल की विज्ञप्ति के अनुसार देश भर में फैले कंपनी के विभिन्न संयंत्रों और इकाइयों में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। सेल द्वारा प्रदान किए गए सहायक उपकरणों में ट्राइसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, स्मार्ट केन, स्मार्ट फोन, घुटने के ब्रेसिज़ और श्रवण यंत्र शामिल हैं। सेल अध्यक्ष, अमरेंदु प्रकाश ने पिछले कुछ वर्षों में दिव्यांगता के प्रति सामाजिक जागरूकता में सकारात्मक बदलाव का उल्लेख किया और दिव्यांगजनों को सुविधा और सहायता प्रदान करने के लिए कंपनी की प्रतिबद्धता दोहराई।
सेल अपने संयंत्रों के इलाकों में दिव्यांगजनों के लिए ज़रूरी विभिन्न विशेष सुविधाओं जैसे राउरकेला में ‘ब्लाइंड, ड़ेफ़ और मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों के लिए स्कूल एवं ‘होम एंड होप’, बोकारो में ‘आशालता केंद्र’, दुर्गापुर में ‘दिव्यांग उन्मुख शिक्षा कार्यक्रम’ एवं ‘दुर्गापुर दिव्यांग हैप्पी होम’ और बर्नपुर में ‘चेशायर होम’ इत्यादि का संचालन कर रहा है।
सेल ने दिव्यांगजनों को दिए सहायक उपकरण
