हिसार : हरियाणा में यहां एक ट्रांसपोर्ट संचालक ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया और इसमें उसके खाते से लगभग पांच लाख रुपये निकल गये। पुलिस ने शुक्रवार को यहां बताया कि ठगी करने वाले व्यक्ति ने शिकायतकर्ता सेक्टर-15 निवासी नरेश कुमार को गत 28 नवम्बर को फोन कर बिजली का कनेक्शन काटने की धमकी दी। इसके लिये नरेश से एक माह का पेंडिंग बिल ऑनलाइन भरने के लिए कहा। ठग ने इसके बाद उसे व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा। जैसे ही नरेश ने लिंक पर क्लिक किया तो उसके बैंक खाते से एक-एक कर कुल 4,99,580 रुपए निकल गये।
नरेश ने यहां साइबर थाने में दी गई शिकायत में कहा कि ठग ने फोन पर अपना नाम नाम सुरेश बताया था और कहा कि वह गुजरात के राजकोट बिजली कार्यालय से बात कर रहा है। उसने बिजली का बिल भरने के लिये उसके व्हाट्सएप नम्बर पर एक लिंक भेजा और कहा कि इस पर क्लिक कर एक बार तीन रूपए भर दो। जब लिंक खोलकर तीन रूपए का भुगताान करने का प्रयास किया तो खाते से पहली बार में 2,100,12 रुपए, दूसरी बार 1,11,940 रुपए, तीसरी बार 49,999 रुपए, चौथी बार 49,975 रुपए, पांचवी बार 49,991 रूपए और आखिरी बार 27,663 रुपए कट गए। इस तरह ठग ने कुल 4,99,580 रुपए निकाल लिये।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसका भाई मुम्बई में बिजनेस करता था जिसकी बीमारी के कारण मौत हो गई। अंतिम संस्कार के अगले दिन ही आरोपी का फोन आया। भाई की मौत के दुख के कारण वह फ्रॉड करने वाले की बातों में आ गया। फिलहाल साइबर थाना पुलिस ने धारा अज्ञात ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
ट्रांसपोर्ट संचालक से ठगी
