गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हरियाणा में 15 से ‘आप’ शुरू करेगी बदलाव यात्रा

सिरसा : आम आदमी पार्टी आगामी 15 से 24 दिसंबर तक प्रदेश की 90 विधानसभाओं व 10 लोकसभा क्षेत्रों में बदलाव यात्रा शुरू करने जा रही है। सिरसा से डॉ. अशोक तंवर यात्रा का शुभारंभ करेंगे। उक्त जानकारी सिरसा आप के नेता कुलदीप गदराना ने मीडिया से रू-ब-रू होते हुए दी। उनके साथ जिलाध्यक्ष हैप्पी रानियां, जिला मीडिया प्रभारी अनिल चंदेल, युवा सचिव राजेश मलिक, रिछपाल सिंह, कीरत सिंह भी मौजूद थे।
श्री गदराना ने बताया कि सिरसा से शुरू होने वाले यात्रा का नेतृत्व डॉ. अशोक तंवर, महेंद्रगढ़ से शुरू होने वाली यात्रा का नेतृत्व अनुराग ढांडा, कालका से शुरू होने वाली यात्रा का नेतृत्व चौ. निर्मल सिंह, जबकि फरीदाबाद से शुरू होने वाली यात्रा का नेतृत्व खुद डॉ. सुशील गुप्ता करेंगे। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद से शुरू यात्रा जींद में खत्म होगी। सिरसा से शुरू हुई यात्रा भिवानी व कालका से शुरू हुई यात्रा पानीपत में और महेंद्रगढ़ से शुरू हुई यात्रा कैथल में समाप्त होगी।
उन्होंने बताया कि इस यात्रा के दौरान हरियाणा की बदहाल स्थिति के बदलाव के लिए प्रदेश की जनता को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसमें प्रदेश के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगें। उन्होंने कहा कि सुबह से शुरू होकर यात्रा का ठहराव गांवों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज सत्तासीन पार्टियां और विपक्ष पूरी तरह से फेल हो चुका है।

आम आदमी पार्टी ही जनता के सामने मजबूत विकल्प है। किसान, मजदूर, गरीबों के उत्थान, चिकित्सा, बेहतर शिक्षा और युवाओं के रोजगार के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जायेंगे। उन्होंने राजनीति से विमुख हुए लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि विभिन्न पार्टियों के जनता विरोधी नीतियों से परेशान होकर राजनीति से दूरी बनाने लोग आम आदमी पार्टी में शामिल होकर भ्रष्टाचार, युवाओं के रोजगार और प्रदेश में फैलते नशे के विरुद्ध आवाज बुलंद करने का काम करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *