25 मछुआरों को रिहा कराने की अपील
चेन्नई : तमिलनाडु के मछुआरों पर श्रीलंकाई नौसेना की ओर से लगातार किए जा रहे हमलों और उनकी गिरफ्तारियों पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एम.के.स्टालिन ने सोमवार को विदेश मंत्री डॉ.एस.जयशंकर को पत्र लिखकर लंकाई नौसेना द्वारा पकड़े गए 25 मछुआरों की रिहाई के लिए हस्तक्षेप करने की मांग की।
डॉ. जयशंकर को लिखे एक अर्ध-आधिकारिक पत्र में श्री स्टालिन ने उनसे पकड़े गए मछुआरों और उनकी मछली पकड़ने वाली नौकाओं को वापस दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, “मैं आपका तत्काल ध्यान श्रीलंकाई नौसेना द्वारा भारतीय मछुआरों की बार-बार गिरफ्तारी की ओर आकर्षित करना चाहता हूं।” उन्होंने कहा, “हाल की घटना में, नागापट्टिनम फिशिंग हार्बर के 12 मछुआरों के साथ एक मशीनीकृत मछली पकड़ने वाली नाव को 09 दिसंबर को श्रीलंकाई नौसेना द्वारा पकड़ लिया गया था। इसके अलावा 13 मछुआरे (नागपट्टिनम से 3, मयिलादुथुराई से 2 और कराईकल से 8) उसी दिन कराईकल से भी श्रीलंकाई नौसेना ने गिरफ्तार कर लिया।”
उन्होंने कहा कि श्रीलंकाई नौसेना के गश्ती जहाज ने मछली पकड़ने वाली एक अन्य नाव को क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि हाल ही में मछुआरों पर हमले बढ़े हैं और इससे हमारे मछुआरों के जीवन और सुरक्षा पर गंभीर प्रभाव पड़ा है। स्टालिन ने जयशंकर से श्रीलंका में भारतीय मिशन को पकड़े गए मछुआरों को रिहा कराने और उनकी नावों को दिलवाने के लिए तत्काल उपाय शुरू करने का निर्देश देने का अनुरोध किया। .
