सागर : मध्यप्रदेश के सागर जिले के ग्राम केरबना के एक कोटवार को आज लोकायुक्त पुलिस ने ढाई हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। लोकायुक्त पुलिस सूत्रों के अनुसार नीरज दुबे निवासी मकरोनिया सागर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय आकर शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम केरबना सागर का कोटवार जोगेन्द्र द्वारा जमीन नामांतरण के कागज देने के लिए ढाई हजार रुपए की मांग की है। आज जैसे ही आवेदक नीरज दुबे ने झंडा बाबा मंदिर के सामने ढाई हजार रूपये की रिश्वत दी वैसे ही आरोपी कोटवार जोगेन्द्र चढार को दबोच लिया गया है। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी जोगेन्द्र चढार के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
