गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पटेल ने 97.32 करोड़ के जनहित कार्यों को दी मंजूरी

गांधीनगर : भूपेंद्र पटेल ने पवित्र तीर्थस्थल आदि शक्ति पीठ अंबाजी के क्षेत्र विकास प्राधिकरण में शामिल किए गए गांवों में जलापूर्ति, भूमिगत सीवरेज और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के कार्य शुरू करने के लिए 97.32 करोड़ रुपए के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। सरकारी सूत्रों ने बुधवार को बताया कि अंबाजी क्षेत्र विकास और तीर्थयात्रा पर्यटन प्रशासन प्राधिकरण में बनासकांठा जिले की दांता तहसील के अंबाजी, झरीवाव, चिखला, जेतवास, पान्छा, रिंछड़ी, कोटेश्वर और कुंभारिया सहित कुल आठ गांवों का समावेश किया गया है।

अंबाजी क्षेत्र विकास और तीर्थयात्रा पर्यटन प्रशासन प्राधिकरण द्वारा जलापूर्ति, भूमिगत सीवरेज प्रणाली और ठोस अपशिष्ट निस्तारण के कार्य के लिए तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट को प्राधिकरण की बोर्ड बैठक ने स्वीकृति देकर उसे राज्य सरकार के समक्ष पेश किया था। पटेल ने इस संदर्भ में जलापूर्ति, भूमिगत सीवरेज और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के समग्रतया 97.32 करोड़ रुपए के कार्यों को सैद्धांतिक मंजूरी दी है।

अंबाजी में निरंतर हो रहे यात्री सुविधा के विकास कार्यों तथा पर्यटन आकर्षणों के परिणामस्वरूप इस तीर्थस्थल में बड़ी संख्या में देश और दुनिया के पर्यटक आते हैं। अंबाजी और आसपास के गांवों में अब इन नए विकास कार्यों के शुरू होने के चलते स्वच्छता बरकरार रहेगी और यात्री सुविधा में भी वृद्धि होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *