गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कश्मीर में कड़ाके की ठंड जारी

श्रीनगर मौसम की सबसे सर्द रात

श्रीनगर : केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में लगातार ठंड बढ़ रही है। जहां कश्मीर के हाड कंपाने वाली ठंड जारी है, वहीं श्रीनगर में इस मौसम की सबसे सर्द रात दर्ज की गयी है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
मौसम विभाग केन्द्र श्रीनगर ने कहा कि दक्षिण कश्मीर में शोपियां जिला में सबसे ज्यादा ठंड रिकॉर्ड की गयी है, जहां पिछली रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में आई भारी गिरावट के कारण श्रीनगर के डल झील के आंतरिक हिस्से और अन्य निकाय तथा पानी के पाइप में पानी जम गया है।
दक्षिण कश्मीर के सबसे प्रिय पर्यटक स्थल पहलगाम में पिछली रात के शून्य से नीचे 5.3 डिग्री के मुकाबले आज न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस कम है। उत्तर कश्मीर के स्की रिसाॅर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान मामूली सुधार हुआ है और गुरुवार को तापमान शून्य से नीचे 5.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहली रात को यहां न्यूनतम तापामान शून्य से नीचे 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में तापमान पिछली रात के शून्य से नीचे 3.2 डिग्री के मुकाबले आज शून्य से नीचे 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य़ से नीचे 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान पिछली रात के शून्य से नीचे 3.7 डिग्री के मुकाबले आज गिरकर शून्य से नीचे 4.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकांश स्थानों पर मौसम साफ रहने वाला है और 15 दिसंबर तक मुख्य रूप से मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद 16 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ (डब्ल्यूडी) के बनने के आसार हैं और इससे जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में हल्का हिमपात होने के भी अनुमान जताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *