गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मान ने होशियारपुर में तहसील कॉम्पलेक्स का लिया जायज़ा

होशियारपुर : भगवंत सिंह मान ने सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण की कार्यवाही को जारी रखते हुए गुरुवार को स्थानीय तहसील कॉम्पलेक्स में लोगों को नागरिक केंद्रित सेवाएं निर्विघ्न मुहैया करवाने के कार्यों जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने शाम को तहसील कॉम्पलेक्स का निरीक्षण किया और परिसर में स्थित अलग-अलग दफ़्तरों की जांच करने के अलावा लोगों के साथ बातचीत भी की। उन्होंने लोगों के सामने आ रही समस्याओं के बारे में कहा कि अगर उनको कोई मुश्किल पेश आ रही है तो कर्मियों को बिना किसी देरी के तत्काल उनकी समास्या का समाधान किया जाये। उन्होंने कहा कि सरकार पंजाब के सर्वांगीण विकास और यहाँ के लोगों की खुशहाली के लिए वचनबद्ध है।
मान ने कहा कि राज्य सरकार ने लोगों को 43 सेवाओं घर-घर मुहैया करवाने के लिए ‘भगवंत मान सरकार, तुहाड़े द्वार’ योजना शुरू की है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि टोल फ्री नंबर 1076 तय समय के अंदर लोगों को सरकारी सेवाएं प्रदान करने के लिए एक प्रेरक के तौर पर काम करेगा। उन्होंने कहा कि वह पुराने नेताओं के उलट आम लोगों को लाभ पहुँचाने के लिए ज़मीनी स्तर की स्थिति का जायज़ा लेने के लिए लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब ने हमेशा ही हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व किया है और इस बात से कोई भी अंजान नहीं कि देश के लिए अपनी जानें कुर्बान करने वाले 90 फीसदी से अधिक महान देश भक्त पंजाबी थे। उन्होंने कहा कि जब भी भारत को आंतरिक या बाहरी हमलों की चुनौती का सामना करना पड़ा तो पंजाबियों ने आगे होकर देश का नेतृत्व किया। श्री मान ने कहा कि इस तथ्य से हर कोई अवगत है कि राज्य के मेहनती किसानों ने देश को अनाज उत्पादन में आत्म-निर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाई है।
इस दौरान पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने आर.डी.एफ., एन.एच.एम. और अन्य फंडों में राज्य के बनते हिस्से को रोकने के लिए भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा राज्य के साथ साैतेला व्यहवार किया जा रहा है, जोकि पूरी तरह से न्याय संगत नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को बड़ी गलतफहमी है क्योंकि वह समझती है कि वह फंडों को रोक कर राज्य के विकास को रोक सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह एस.वाई.एल. मुद्दे पर केंद्रीय जल संसाधन मंत्री द्वारा बुलाई गई बैठक में ज़रूर शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि वह बैठक में राज्य का मामला दृढ़ता से केंद्र सरकार के समक्ष रखेंगे। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब के पास किसी अन्य राज्य को देने के लिए कोई अतिरिक्त पानी नहीं है और बैठक में यह मुद्दा पूरी मजबूती के साथ उठाया जायेगा।
शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक सभा सदस्य द्वारा राजनीतिक तौर पर माफी मांगने का कोई फ़ायदा नहीं है क्योंकि गलतियाँ माफ हो सकतीं हैं परन्तु अपराध नहीं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग बादल परिवार को राज्य और इसके लोगों के विरुद्ध किए गए बड़े गुनाहों के लिए कभी भी माफ नहीं करेंगे। श्री मान ने कहा कि बादल परिवार ने अपने निजी हितों की पूर्ति के लिए सत्ता का दुरुपयोग करते हुए राज्य को बर्बादी की तरफ धकेला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *