नई दिल्ली : कांग्रेस ने गुरुवार को कहा कि संसद में सुरक्षा मामले को लेकर सवाल पूछने के कारण पार्टी के सांसदों को निलंबित किया जाना लोकतंत्र के विरूद्ध है और ऐसे कदम उठाकर मोदी सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यहां जारी एक बयान में कहा कि 13 दिसंबर को संसद की सुरक्षा में जो चूक हुई उसके खिलाफ कांग्रेस के सांसदों ने आवाज उठाई तो सरकार ने उन्हें आज निलंबित कर दिया।
उन्होंने कहा,“संसद में हुए सुरक्षा उल्लंघन पर सरकार से जवाब मांगने के लिए विपक्षी सांसदों को निलंबित करना एक गलत और अलोकतांत्रिक कदम है। एक तरफ जवाबदेही की मांग करने पर पार्टी सांसदों को निलंबित कर दिया जाता है तो दूसरी तरफ उपद्रवियों के प्रवेश में मदद करने वाले भाजपा सांसद के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।” उन्होंने सरकार के इस कदम को लोकतंत्र की हत्या करार दिया और कहा ,“यह लोकतंत्र की हत्या है। भाजपा सरकार ने संसद को रबर स्टाम्प बनाकर रख दिया है। अब लोकतांत्रिक प्रक्रिया दिखावे के लिए भी नहीं बची है।”
लोकतंत्र की हत्या कर रही है मोदी सरकार
