नई दिल्ली : दूरसंचार सेवायें देने वाली कंपनी रिलायंस जियो ने जियोटीवी प्रीमियम प्लान के नाम से ओटीटी ऐप के सब्सक्रिप्शन वाले तीन नए मोबाइल प्लान लॉन्च करने की आज घोषणा की। अरबपति मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज की इस दूरसंचार कंपनी ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि जियोसिनेमा प्रीमियम, डिज़्नी प्लस हॉटस्टार, ज़ी5, सोनीलिव, प्राइम वीडियो (मोबाइल), लायंसगेट प्ले, डिस्कवरी प्लस, डॉक्यूबे, सनएनएक्सटी, होइचोइ, प्लैनेट मराठी, चौपाल, एपिकऑन और कांचा लन्नका जैसे करीब 14 ओटीटी ऐप, प्लान के साथ फ्री मिलेंगे।
कंपनी ने कहा कि ओटीटी ऐप के जरिए राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रिय भाषाओं का कंटेंट देखा जा सकेगा। प्लान के साथ बंडल किए गए इन ओटीटी ऐप के सब्सक्रिप्शन की कीमत करीब 1000 रुपये है। 398 रुपये के प्लान में 12 ओटीटी ऐप और 1198रुपये तथा 4498रुपये के प्लान में 14 ओटीटी ऐप का सब्सक्रिप्शन ग्राहकों को फ्री मिलेगा। 398 रुपये के प्लान की वैलेडिटी 28 दिन होगी। 1198 रुपये वाला प्लान 84 दिनों तक वैद्य रहेगा और 365 दिनों की वैलेडिटी वाले प्लान की कीमत 4498 रुपये है। हर प्लान में ग्राहकों को प्रतिदिन 2 जीबी डेटा भी मिलेगा।
‘जियोटीवी प्रीमियम प्लान’ रिचार्ज करने पर अलग-अलग कई ओटीटी सब्सक्रिप्शन खरीदने का झंझट खत्म हो जाएगा। जियोटीवी ऐप में साइन-इन करने पर, ओटीटी ऐप के लिए अलग लॉगिन और पासवर्ड बनाने और याद रखने की जरूरत नही होगी। 4498 रुपये वाले प्लान लेने पर वन-क्लिक कस्टमर केयर कॉल बैक की सुविधा भी उपलब्ध है।
जियो ने लॉन्च किए 3 नए ‘जियोटीवी प्रीमियम प्लान
