गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

एनएचआरसी का राज्य सरकार को नोटिस

नई दिल्ली : राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने कर्नाटक के बेलगावी जिले में एक महिला को निर्वस्त्र करने और पीटने की कथित घटना पर राज्य सरकार को नोटिस भेजा है। आयोग की एक विज्ञप्ति के अनुसार इस मामले में राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से चार सप्ताह के भीतर मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी गयी है।
विज्ञप्ति के अनुसार, आयोग ने इस मामले में मीडिया की खबरों के आधार पर कदम उठाते हुए शुक्रवार को यह नोटिस जारी किया। आयोग ने खबरों पर स्वतः संज्ञान लेते हुए कहा है कि पीड़ित महिला के साथ हुयी घटना मानव अधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मुद्दा है। यह कथित कृत्य एक रूढ़िबद्ध पितृसत्तात्मक दृष्टिकोण वाला है जो पीड़िता के जीवन और सम्मान के अधिकार का उल्लंघन है। समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और लोगों की सुरक्षा करना राज्य का कर्तव्य है। आयोग ने घटनास्थल पर जांच के लिए अपनी टीम भेजने का भी निर्णय किया।
खबरों के मुताबिक, कर्नाटक के बेलगावी जिले के होसा वंतमुरी गांव में एक महिला (42) को निर्वस्त्र कर घुमाया गया और बिजली के खंभे से बांधकर पीटा गया, क्योंकि महिला का पुत्र गांव की ही एक युवती के साथ भाग गया है। मानवाधिकार आयोग ने राज्य के अधिकारियों से इस मामले में दर्ज एफआईआर, जांच, गिरफ्तारी, पीड़ित मुआवजा योजना के तहत दिए गए मुआवजा आदि का ब्यौरा मांगा है।

आयोग ने कहा है कि राज्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उठाए गए या उठाए जाने वाले कदम शामिल होने चाहिए। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए, आयोग ने अपने डीआइजी, अन्वेषण को तत्काल मौके पर तथ्यान्वेषी जांच करने और दो सप्ताह के भीतर एक रिपोर्ट सौंपने के लिए एक टीम गठित करने को भी कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *