श्रीनगर : केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट और घाटी के कुछ ऊपरी इलाकों में शनिवार को हल्की बर्फबारी हुयी। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। घाटी में कई स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रहे और ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई। शनिवार दोपहर को कश्मीर में आए पश्चिमी विक्षोभ के कारण वर्षा हुई। इससे पहले, बादल छाए रहने के कारण उत्तर और मध्य कश्मीर में रात के तापमान में थोड़ा सुधार हुआ, हालांकि, दक्षिण कश्मीर में यह और तेज हो गया। कश्मीर के सभी मौसम केंद्रों ने शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को शून्य से नीचे तापमान दर्ज किया।
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो शुक्रवार के शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री कम है। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात यह शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे था। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में रात का तापमान शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर में कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग क्षेत्र में न्यूनतम तापमान शून्य से कम 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में शून्य से कम 2.8 डिग्री सेल्सियस और कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से कम 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार तक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण न्यूनतम तापमान में सुधार होने और रात के तापमान में फिर से 1-3 डिग्री की गिरावट आने के आसार हैं।
कश्मीर में हल्की बर्फबारी
