रीवा उमरिया और पचमढ़ी में पारा छह डिग्री पर पहुंचा
भोपाल : सर्द हवाओं से मध्यप्रदेश में ठंड ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पिछले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक स्थानों पर रात्रि का पारा दस डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। वहीं रीवा, उमरिया और पचमढ़ी में रात्रि का पारा छह डिग्री के करीब पहुंच गया, जिसके चलते इन क्षेत्रों में ठंड के तेवर सख्त दिखे।
मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के वैज्ञानिकों के अनुसार सर्द हवाओं का प्रभाव पूरे प्रदेश में देखा जा रहा है, जिससे ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले चौबीस घटों के दौरान प्रदेश के डेढ़ दर्जन से अधिक शहरों में रात्रि का पारा दस डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया, जिससे वहां ठंड का प्रभाव देखा गया। वहीं, रीवा, उमरिया और पर्यटन स्थल पचमढ़ी में ठंड के तेवर और भी सख्त रहे। वहां रात्रि का पारा गिरकर छह डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि सर्द हवाओं का प्रभाव बढ़ने से अगले चौबीस घंटों के दौरान भी प्रदेश में ठंड़ के तेवर सख्त बने रहने का अनुमान है। वहीं कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा भी देखने का मिल सकता है। राजधानी भोपाल तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में सर्द हवाओं से ठंड बढ़ गयी है। हालांकि दिन में धूप खिलने से ठंड़ में हल्की राहत महसूस की जा रही है। यहां अगले चौबीस घंटों के दौरान में इसी तरह का मौसम बना रहने का अनुमान है।
