नई दिल्ली : पीएम गतिशक्ति वृहद योजना के नियोजन एवं क्रियान्वयन के लिए केंद्र और राज्य सरकारों को एप आधारित भू-स्थानिक सूचनाओं के माध्यम से मदद के लिए राष्ट्रीय राजधानी में भास्कराचार्य राष्ट्रीय अंतरिक्ष अनुप्रयोग और भू-सूचना विज्ञान संस्थान (बीआईएसएजी-एन) के एक कार्यालय-सह-प्रशिक्षण केंद्र का परिचालन शुरू किया गया है। यह जानकारी वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की मंगलवार को एक विज्ञप्ति में दी गयी। यह कार्यालय संस्थान के गुजरात स्थित मुख्यालय की विस्तारित शाखा के रूप में कार्य करेगा।
विज्ञप्ति के अनुसार इस केंद्र का उद्घाटन डीपीआईआईटी के लॉजिस्टिक्स प्रभाग की विशेष सचिव सुमिता डावरा और बीआईएसएजी-एन के महानिदेशक टी.पी. सिंह और उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के सचिव राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में किया।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि संस्थान का उद्घाटन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह केंद्र प्रधानमंत्री गतिशक्ति की परियोजनाओं से संबंधित मंत्रालयों और राज्य/केंद्रशासित प्रदेशों के साथ बीआईएसएजी-एन के नियमित और विस्तारित संपर्क-संवाद के लिए नए अवसर पैदा करेगा।
बीआईएसएजी-एन पीएम गतिशक्ति के लॉजिस्टिक्स प्रभाग के तकनीकी भागीदार के रूप में पीएम गतिशक्ति एनएमपी प्लेटफॉर्म के डिजाइन, विकास, संचालन, रखरखाव और उन्नयन के लिए जीआईएस-आधारित कार्यरत है। बयान में कहा गया है कि कार्यालय-सह-प्रशिक्षण केंद्र निम्न के लिए समर्थन प्रदान करेगा।
यह केंद्र भारत सरकार के मंत्रालयों/विभागों के अलावा राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के पीएम गतिशक्ति प्रकोष्ठों, अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्रों/दूरस्थ संवेदन एजेंसियों/राष्ट्रीय और जिला सूचना केंद्रों आदि को प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण भी प्रदान करेगा।
दिल्ली में भास्कराचार्य अंतरिक्ष अनुप्रयोग-भू-सूचना संस्थान का शाखा शुरू
