गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

घर पर घुसे चोर की पिटाई से मौत

पांच पर मामला दर्ज

भिंड : मध्यप्रदेश के भिंड जिले के मौ थाना क्षेत्र स्थित बड़ौरा गांव के एक घर में घुसा चोर पिटायी से घायल हो गया, जिसकी ग्वालियर के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मौ के बड़ौरा गांव में रहने वाले शिशुपाल सिंह के घर हरिओम जाट नामक युवक 17 दिसंबर की रात घुस गया। युवक को शिशुपाल के परिवार वालों ने पकड़ लिया।

युवक को रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद उसकी पिटाई की गयी। इस मामले की सूचना पुलिस को लगी। तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया हरिओम द्वारा वारदात की नीयत से घर में घुसना पाया गया। इस पर पुलिस ने हरिओम पर मामला दर्ज कर लिया। हरिओम के शरीर में चोटे होने पर उसका मेडिकल चेकअप कराया गया। इसके बाद उक्त युवक के परिजन उसे उपचार के लिए ग्वालियर लेकर पहुंचे, जहां युवक की कल मौत हो गयी।
हरिओम के परिजन थाने आए और उन्होंने हरिओम की उपचार के बाद मौत होना बताया। इस पर पुलिस ने शिशुपाल, राघवेंद्र, कमल सिंह, जवहार सिंह और छोटू के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया। सभी आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *