जम्मू : जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गुरुवार को किश्तवाड़ जिले से लगभग 18 साल से फरार चल रहे एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया। किश्तवाड़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, खलील पोसवाल ने कहा कि पिछले 18 वर्षों से गिरफ्तारी से बच रहे परवेज अहमद उर्फ हारिस को गिरफ्तार करके सुरक्षाबलों को महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। यह आतंकवादी 2005 में पुलिस स्टेशन किश्तवाड़ में एक दर्ज मामले में वांछित था।
एसएसपी ने कहा, “सूत्रों से मिली विश्वसनीय जानकारी पर भरोसा करते हुये इंस्पेक्टर परवेज अहमद खांडे, स्टेशन हाउस ऑफिसर, पुलिस स्टेशन किश्तवाड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध स्थानों पर त्वरित छापेमारी की।” उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन के परिणामस्वरूप लंबे समय से फरार चल रहे व्यक्ति की सफल गिरफ्तारी हुई, जिसकी पहचान हुल्लार किश्तवाड़ में रहने वाले परवेज अहमद के रूप में हुयी है। पोसवाल ने सभी भगोड़ों के लिए चेतावनी दोहराई और उनसे नजदीकी पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण करने का आग्रह किया अन्यथा सीआरपीसी की धारा 82/83 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अठारह साल से फरार आतंकवादी गिरफ्तार
