कोटा : विपक्ष सांसदों का लोकसभा और राज्यसभा से निलम्बन के विरोध में कोटा में कांग्रेस पार्टी की ओर से शुक्रवार को धरना-प्रदर्शन किया गया। जिला कलेक्ट्रेट पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने धरना -प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस के नेताओं ने केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार की इस कार्यवाही का कड़ा विरोध प्रकट किया।
कांग्रेस नेताओं ने इसे अलोकतांत्रिक बताते हुये कहा कि केंद्र सरकार लोकसभा में घुसपैठ जैसे संवेदनशील मसले पर संसद के दोनों सदनों में बयान देने के बजाय विपक्ष के सांसदों को सदन से निष्कासित कर लोकतंत्र की आवाज को कुचलने का कुत्सित प्रयास कर रही है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि एक ओर केंद्र सरकार भाजपा के उस सांसद के खिलाफ अभी तक कोई कार्यवाही नहीं कर रही है जिसकी अनुशंसा पर घुसपैठिये संसद परिसर में आकर लोकसभा के भीतर कूद कर दहशत फैलाने में कामयाब हुए थे। इसके विपरीत घुसपैठ के प्रति लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जता रहे विपक्षी दलों के सांसदों को केंद्र सरकार निशाना बना रही है। ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का अधिकार नहीं है।
धरने में प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव अमित धारीवाल, जिलाध्यक्ष रविंद्र त्यागी, उप महापौर पवन मीणा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेश विजयवर्गीय,अरुण भार्गव, जिला उपाध्यक्ष संदीप भाटिया, जिला प्रवक्ता हेमंत चतुर्वेदी,पार्षद कमलकांत शर्मा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
सांसदों के निलंबन के विरोध में कांग्रेस का धरना
