जम्मू : आतंकवादियों के समूह द्वारा सेना के वाहनों पर की गई गोलीबारी में पांच सैनिकों के शहीद होने और दो अन्य के घायल होने के एक दिन बाद, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में राजौरी -पुंछ जिले के डेरा की गली में घटनास्थल का दौरा किया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने जांच के लिए 30 संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है। सूत्रों ने कहा, “ राजौरी जिले के डेरा की गली के वन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, जहां गुरुवार को सेना के दो वाहनों पर भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला किया था।”
