गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अपहृत कपड़ा कारोबारी मुक्त, एक गिरफ्तार

हरदोई : उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शुक्रवार को एक सशस्त्र मुठभेड़ के बाद तीन दिन पूर्व अपहृत हुए कपड़ा कारोबारी को मुक्त करा लिया। इस सिलसिले में एक बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी ने बताया कि बीते मंगलवार को कपड़ा कारोबारी रामजी उर्फ़ रावेंद्र मिश्रा का अपहरण कर लिया गया था जब वह अपनी दुकान बंद कर बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। मौके पर कारोबारी की बाइक, चश्मा और जूते बरामद किए गए थे। अपहरणकर्ताओं ने उसकी सुरक्षित वापसी के लिए 20 लाख रुपए की फिरौती की रकम मांगी थी।
अपहरण की सनसनीखेज वारदात के बाद आईजी जोन तरुण गाबा के नेतृत्व में यूपी एसटीएफ के अलावा पुलिस की कई टीम अपहरणकर्ताओं की तलाश में लगाई गई थी। आज दोपहर करीब दो बजे यूपी एसटीएफ और पुलिस को जानकारी लगी कि अगवा व्यापारी के परिजनों से फिरौती लेने बदमाश आ रहे है जिसके बाद एसटीएफ और पुलिस ने पाली थाना इलाके में घेराबंदी की। बदमाश नकटोरा-पाली मार्ग पर कनकापुर लाल गांव के पास व्यापारी को सड़क के किनारे बंधी हुई हालत में छोड़कर पुलिस बल पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बाराबंकी जिले का रहने वाला विशाल वर्मा नाम का शातिर बदमाश पैर में पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ है जबकि उसके साथी पुलिस पर फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान अपहृत रावेंद्र मिश्रा को सकुशल मुक्त करा लिया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि उसके साथियों की तलाश में कांबिंग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *