जयपुर : राजस्थान की राजधानी जयपुर में एयू जयपुर मैराथन की ओर से रविवार को सुबह आयोजित 10वीं किड्स मैराथन में तीन हजार से अधिक बच्चों ने भाग लिया। इस दौरान गुलाबी नगर की गुलाबी ठंड और हल्के कोहरे के बीच बच्चों का जबरदस्त जोश देखने को मिला और इसमें तीन हजार से ज्यादा बच्चों ने दौड़ लगाई। एयू जयपुर मैराथन और रेयान इंटरनेशनल स्कूल के सहयोग से आयोजित किड्स मैराथन की शुरुआत मानसरोवर स्थित विटी रोड से हुई। इसमें चार अलग-अलग कैटेगिरी में बच्चों ने भाग लिया। आयोजकों ने झंडी दिखाकर मैराथन की शुरुआत की।
इस मौके पर एयू जयपुर मैराथन के सीईओ मुकेश मिश्रा ने बताया कि अगले वर्ष चार फरवरी को होने वाली देश की सबसे बड़ी मैराथन एयू जयपुर मैराथन के प्री-इवेंट के तहत इस किड्स मैराथन का आयोजन हुआ है जिसमें विभिन्न एनजीओ और विद्यालयों ने सहयोग दिया है। किड्स मैराथन में सभी बच्चों को आगामी एयू जयपुर मैराथन में फ्री एंट्री दी जायेगी।
किड्स मैराथन में चार कैटेगिरी में बच्चों ने भाग लिया। अंडर 19 की कैटेगरी में चार किमी, अंडर 16 कैटेगरी में तीन किमी, अंडर 12 कैटेगरी में दो किमी और आठ साल तक के बच्चों ने एक किमी मैराथन में जोश दिखाया। बच्चों के साथ उनके परिजनों ने भी इस मैराथन में दौड़ लगाई और अच्छी हैल्थ का संदेश दिया।
इस मौके पर पंडित मिश्रा ने कहा कि जयपुर शहर के प्रति अपना प्यार जाहिर करते हुए बच्चों को दौड़ते देखना सुखद अनुभूति रही। जयपुर शहर अंतरराष्ट्रीय पहचान रखता है और इसे और आगे बढ़ाने का प्रयास सभी जयपुरवासियों को करते रहना चाहिए।
रेयान इन्टरनेशनल ग्रुप के चेयरमैन डॉ.अगस्टीन फ्रांसिस पिन्टो एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ.ग्रेस पिन्टो ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्वस्थ मस्तिष्क एवं स्वस्थ शरीर की आवश्यकता होती है। हमारा उद्देश्य बच्चों को खेलों की ओर मोड़ कर उन्हे स्वास्थ्य, खेल भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की ओर अग्रसर करना है।
10वीं किड्स मैराथन में तीन हजार से अधिक बच्चों ने लिया भाग
