मुंबई : महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के चूनाभट्टी में रविवार अपराह्न हुई गोलीबारी में कथित तौर पर शामिल चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पांचवें सदस्य की तलाश जारी है। पुलिस ने सोमवार को यहां बताया कि गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि आठ साल की बालिका और तीन अन्य घायल हो गये। शूटरों ने 10 से 15 चक्र गोलियां चलायी थीं। गिरफ्तार किये गये चारों आरोपियों की पहचान आशुतोष गावंड, सनी पाटिल, नरेश पाटिल और सागर सावंत के रूप में की गयी है। पुलिस के मुताबिक ये सभी चूनाभट्टी के निवासी हैं।
इस बीच, पांचवें आरोपी की पहचान प्रभाकर पचिन्द्रे के रूप में हुई है, जो फिलहाल फरार है। उल्लेखनीय है कि रविवार को अपराह्न करीब 3.30 बजे मुंबई पुलिस नियंत्रण कक्ष को कथित गोलीबारी के बारे में सूचना मिली थी। आजाद गली इलाके में मौके पर पुलिस को कयी खाली खोखे मिले । वहां लोग पड़े हुये थे और उनके शरीर पर गोलियों के निशान थे। उनमें से एक पप्पू उर्फ सुमीत येरुनकर का आपराधिक गतिविधियों का लंबा इतिहास था और वह एक कुख्यात गैंगस्टर था। सायन-चूनाभट्टी निवासी पप्पू (45) के पेट और जांघ में गोली लगी थी। जब तक पप्पू को सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक, पप्पू दो जनवरी को अपना जन्मदिन मनाना चाहता था। इसके लिये वह कुछ बैनर छपवाना चाहता
था। इसलिये, पप्पू और उनके साथी मदन पाटिल (54), रोशन लोखंडे (30) और आकाश खडगले (31), बैनर छपवाने के लिये आज़ाद गली के एक स्टूडियो में गये। वे जैसे ही वहां पहुंचे, उसके विरोधी गिरोह के पांच आरोपी वहां पहुंच गये। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों गिरोह में पहले से दुश्मनी थी।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “आरोपी गिरोह हथियारों से लैस थे, और जैसे ही उन्होंने पप्पू गिरोह को देखा, उन्होंने पीछे-पीछे गोलीबारी शुरू कर दी। उसी दौरान सभी को गोली मार दी गयी। घायलों का सायन अस्पताल में इलाज चल रहा
है।” पुलिस के मुताबिक चौथी घायल तृषा शर्मा नाम की आठ साल की बालिका है, जो इलाके में घूम रही थी। उसके बायें
हाथ में गोली लगी है। तृषा फिलहाल सायन हॉस्पिटल में हैं। मृतक का भाई स्वप्निल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सदस्य है।
मुंबई गोलीबारी मामलाः चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
