सिरसा : हरियाणा के सिरसा में शिव शक्ति ब्लड बैंक में थैलेसीमिया सोसायटी की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में डा. के.के. गोयल ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। रक्त की एक बूंद किसी अमूल्य जिंदगी को बचा सकती है। डा. गोयल ने कहा कि थैलेसीमिया पीडि़त बच्चों व सड़क हादसों में घायल लोगों को रक्त की जरूरत पड़ती है। रक्त को न तो किसी फैक्ट्री में पैदा किया जा सकता है और न ही इसका कोई विकल्प है। डा. गोयल ने कहा कि रक्त का दान ही इसका एकमात्र विकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को साल में कम से कम दो बार अवश्य रक्तदान करना चाहिए।
शिविर में डा. आरपी मोंगा, निखिल धींगड़ा, मनिंदर सिंह, गुरमीत सिंह, सीमा देवी, सरोज देवी सहित 33 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। राजेंद्र भाटिया ने शिविर में 39वीं बार रक्तदान किया। थैलेसीमिया सोसायटी के अध्यक्ष डा. प्रवीन अरोड़ा ने मनीषा सचदेवा को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की सोच हर व्यक्ति की हो तो रक्त के अभाव में कोई जिंदगी दम नहीं तोड़ेगी। इस मौके पर शिव शक्ति ब्लड बैंक से अनिल जैन व अन्य स्टॉफ उपस्थित थे।
सिरसा शिविर में 33 लोगों ने किया स्वेच्छा से रक्तदान
