गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पटियाला का किया जायेगा सर्वांगीण विकास

चंडीगढ़ : भगवंत सिंह मान ने आज कहा कि राज्य सरकार आगामी दिनों में और करोड़ों रुपये ख़र्च कर पटियाला का सर्वांगीण विकास किया जायेगा। यहाँ अपने दफ़्तर में विधायकों और अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य जहाँ लोगों को बुनियादी सहूलियतें मुहैया करवाना है, वहीं शहर के विकास को बढ़ावा देना है। उन्होंने दुख के साथ कहा कि राज्य का बड़ा शहर होने के बावजूद पटियाला विकास की रफ़्तार में अब तक की सरकारों की अनदेखी के कारण पिछड़ गया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि अब राज्य सरकार जिले के विकास को बढ़ावा देने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।
एजेंडे पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहर में आवारा पशुओं की समस्या के हल के लिए बड़े कदम उठा रही है। उन्होंने आगे कहा कि शहर में 57 करोड़ रुपये की लागत के साथ 77 विकास प्रोजेक्ट पहले ही चल रहे हैं। श्री मान ने यह भी कहा कि पटियाला निवासियों को 24/7 नहरी पानी की आपूर्ति देने का काम भी ज़ोरों-शोरों से चल रहा है जो लोगों को निरंतर और पेयजल आपूर्ति करवाने में सहायक सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अबलोवाल डेयरी प्रोजेक्ट जहाँ पहले ही प्लाट अलाट किये जा चुके हैं, में डेरियों को तबदील करने की प्रक्रिया में तेज़ी लाने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा कि माडल टाऊन ड्रेन के निर्माण का पहला पड़ाव पूरा हो चुका है और छह किलोमीटर के फेज़-2 को 65 करोड़ रुपए की लागत के साथ पूरा किया जायेगा। मान ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांटों के कामकाज और शहर में लोगों के लिए साफ़- सफ़ाई की सहूलतों को यकीनी बनाने का भी जायज़ा लिया।
मुख्यमंत्री ने लोगों की सुविधा के लिए स्ट्रीट लाइट, पार्कों के रख-रखाव, विरासती स्ट्रीट प्रोजेक्ट, छोटी बड़ी नदी प्रोजेक्ट और अन्य कामों का भी जायज़ा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि चल रहे कामों को निर्धारित समय के अंदर मुकम्मल करना यकीनी बनाया जाये।
मान ने अधिकारियों को हिदायत की कि नये प्रोजेक्टों की रूप-रेखा, योजना और अमल को उच्च पेशेवर और पारदर्शी ढंग से लागू करना यकीनी बनाया जाये। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मौजूदा बस स्टैंड को सिटी बस स्टैंड के तौर पर बरतने की संभावना तलाशने के लिए भी कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लोगों को सार्वजनिक यातायात के बेहतर साधन मुहैया करवाने में सहायक सिद्ध हो सकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शहर के व्यापक विकास और लोगों की खुशहाली को यकीनी बनाने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *